Araia News:- अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हुआ। तारण गांव में बकरा नदी में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती है। वहीं मंगलवार सुबह कामत घाट पर एक 11 वर्षीय बालक भी नदी में डूब गया, जिसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार की शाम तारण गांव की चार बच्चियां मिट्टी लाने के लिए बकरा नदी के तट पर गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों बच्चियां भी नदी में उतर गईं और चारों डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से देर रात तक खोजबीन कर चारों बच्चियों को बाहर निकाला गया।
चारों को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक बच्ची का इलाज जारी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है क्योंकि उसके पेट में काफी मात्रा में पानी चला गया है।
मृत बच्चियों की पहचान तारण गांव वार्ड संख्या 12 की 9 वर्षीय रिहाना (पिता – मो. इस्लाम), वार्ड संख्या 13 की 8 वर्षीय खुशनुमा (पिता – मो. मंजर) और वार्ड संख्या 10 की 13 वर्षीय शायका (पिता – मो. रकीब) के रूप में की गई है।
इधर मंगलवार सुबह तारण गांव के ही वार्ड संख्या 2 निवासी 11 वर्षीय राजा (पिता – मो. नईम) स्नान करने के दौरान कमता घाट पर बकरा नदी में डूब गया। पुलिस ने घटना की सूचना पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया है, जो बच्चे की खोज में जुटी हुई है।
एक ही गांव में चार बच्चों के डूबने की घटनाओं से पूरे इलाके में मातम छा गया है। जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

