Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान मच गया है। रविवार को राजद नेता मदन शाह ने टिकट न मिलने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने न सिर्फ आवास के सामने हंगामा किया, बल्कि अपना कुर्ता फाड़कर जमीन पर लेटकर रोने लगे।
मदन शाह मधुबन विधानसभा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार थे। उनका आरोप है कि पार्टी ने बाहरी व्यक्ति को टिकट दे दिया और वर्षों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। शाह ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा सांसद संजय यादव ने उनसे टिकट के बदले 2.70 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो उनका टिकट काटकर डॉ. संतोष कुशवाहा को दे दिया गया।
उन्होंने कहा, “मैं कई वर्षों से राजद के लिए काम कर रहा हूं, लेकिन पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है। अब टिकट वफादारी नहीं, बल्कि पैसों के आधार पर दिया जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में गहरा असंतोष है।”
इस दौरान लालू-राबड़ी आवास 10, सर्कुलर रोड के बाहर भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने मदन शाह को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद से राजद के अंदरखाने में हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन अंदरूनी नाराजगी साफ झलकने लगी है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों में भी सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं। राजद और कांग्रेस कई सीटों पर तालमेल नहीं बना पा रहे हैं, जबकि विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के साथ भी सीट शेयरिंग को लेकर टकराव की स्थिति है। मधेपुरा की एक सीट पर दोनों दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है, जिससे हालात और पेचीदा हो गए हैं।

