Patna :- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व मंत्री एवं सांसद शकुनी चौधरी और निवर्तमान विधायक राजीव कुमार सहित कई एनडीए नेता मौजूद रहे।
नामांकन से पहले सम्राट चौधरी ने तिलडीहा माता महरानी मंदिर और रणगांव स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर विजय का आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद वे समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में नामांकन स्थल पहुंचे।
जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “यह चुनाव मेरा नहीं, तारापुर की जनता का चुनाव है। मैं केवल जनता की आवाज़ को विधानसभा तक पहुंचाने का माध्यम हूं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार में विकास की नई इबारत लिखी है।
उन्होंने बताया कि तारापुर में सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। क्षेत्र में बिजली, पानी और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर तेजी से काम हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे तारापुर की जनता के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। “मैंने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। आने वाले दिनों में तारापुर को विकास का मॉडल क्षेत्र बनाना मेरा संकल्प है,” उन्होंने जोड़ा।
नामांकन के अवसर पर एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पूरा तारापुर क्षेत्र चुनावी जोश से सराबोर हो गया।

