Chatra News:– बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चतरा पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गोसाईंडीह चेकपोस्ट के पास से 1 किलो 90 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से अफीम लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। इस पर हंटरगंज थाना प्रभारी ने एसडीपीओ के निर्देशन और बीडीओ की उपस्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए गोसाईंडीह चेकपोस्ट पर नाकेबंदी की। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल (नंबर JH13K-3724) पर सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 1.090 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रमेश्वर कुमार (20 वर्ष) और राजकुमार गंझू (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के लावालौंग थाना क्षेत्र के जिरौन गांव निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से अफीम के साथ दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और होंडा साइन बाइक को भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने बताया कि तस्कर बिहार चुनाव के दौरान सीमावर्ती इलाकों में अफीम की तस्करी करने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस की तत्परता से यह साजिश नाकाम हो गई। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत हंटरगंज थाना कांड संख्या 178/25 दर्ज की गई है।
एसपी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए जिले की सभी सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। चुनाव से पहले ऐसे किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

