Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार शाम अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 12 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें दो चर्चित चेहरे — प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा भी शामिल हैं।
पार्टी ने मैथिली ठाकुर को दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से उम्मीदवार बनाया है, जबकि बक्सर से पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट दिया गया है। मैथिली ठाकुर को पहले भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार का ‘स्टेट आइकॉन’ नियुक्त किया था, ताकि वे मतदाता जागरूकता अभियान को आगे बढ़ा सकें। उन्होंने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा था कि उनका अपने गृहनगर से गहरा लगाव है और वे यहीं से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करना चाहती हैं।
भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कुछ दिन पहले फेसबुक पोस्ट में मैथिली ठाकुर से मुलाकात का ज़िक्र करते हुए लिखा था कि “मैथिली ठाकुर और उनका परिवार 1995 में लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में बिहार छोड़ गया था, लेकिन अब राज्य के तेज विकास से प्रेरित होकर वे वापस लौटना चाहती हैं।” उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और उन्होंने मैथिली ठाकुर को राज्य के विकास में योगदान देने का आग्रह किया था।
भाजपा की दूसरी सूची में अन्य प्रत्याशी इस प्रकार हैं — हायाघाट से रामचंद्र प्रसाद, मुजफ्फरपुर से रंजन कुमार, गोपालगंज से सुभाष सिंह, बनियापुर से केदार सिंह, छपरा से छोटी कुमारी, सोनपुर से विनय कुमार सिंह, रोसड़ा से वीरेंद्र कुमार, बाढ़ से सियाराम सिंह, अगिआंव से महेश पासवान, और शाहपुर से राकेश ओझा।
भाजपा ने मंगलवार को पहली सूची जारी की थी, जबकि बुधवार को जदयू की सूची जारी होने के बाद शाम में भाजपा की यह दूसरी सूची सामने आई। इससे साफ है कि राजग (NDA) अब पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारी में जुट गया है।

