Patna News:– राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने यह नामांकन निर्वाची पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी रामबाबू बैठा के कार्यालय में प्रस्तुत किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा,
“राघोपुर की जनता ने हम पर लगातार दो बार भरोसा किया है। जनता मालिक है। यह तीसरी बार है जब हमने राघोपुर से नामांकन किया है। हमें पूरा विश्वास है कि राघोपुर की जनता एक बार फिर हमें आशीर्वाद देगी।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि बिहार को एक बेहतर राज्य बनाना है।
“हम सिर्फ सरकार नहीं बनाना चाहते, हम बिहार बनाना चाहते हैं। अब बिहार भ्रष्टाचार और अपराधमुक्त राज्य बनना चाहता है,” तेजस्वी ने कहा।
उन्होंने उन अफवाहों का भी खंडन किया जिनमें कहा जा रहा था कि वे दो जगहों से चुनाव लड़ सकते हैं।
“कई लोग अफवाह फैला रहे थे कि हम दो जगहों से नामांकन करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं है,” उन्होंने स्पष्ट किया।

