Ranchi News:- झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने कटहल मोड़ पर दिनदहाड़े एक कारोबारी को गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल कारोबारी राधेश्याम साहू को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राधेश्याम साहू रोजाना की तरह अपनी दुकान शांभवी इंटरप्राइजेज के पास खड़े थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। राधेश्याम साहू कटहल मोड़ क्षेत्र में छड़ और सीमेंट का कारोबार करते हैं।
रांची ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीन पुष्कर ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
