Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में 9 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं, जिनमें 5 पूर्व मंत्री और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव जैसे दिग्गज शामिल हैं। पार्टी ने कई सीटों पर नए चेहरों को मौका देते हुए संगठन में बदलाव का संकेत दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने रीगा सीट से मंत्री रह चुके मोतीलाल प्रसाद की जगह बैद्यनाथ प्रसाद को टिकट दिया है। मुंगेर से विधायक प्रणव कुमार की जगह कुमार प्रणय, और सीतामढ़ी से मिथिलेश कुमार की जगह सुनील पिंटू को उम्मीदवार बनाया गया है।
सबसे बड़ी चर्चा पटना साहिब सीट को लेकर है, जहां से पार्टी ने 30 साल से विधायक रहे विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काटकर रत्नेश कुशवाहा को मैदान में उतारा है। इसी तरह, आरा सीट से भाजपा ने अमरेंद्र सिंह को हटाकर पूर्व विधायक संजय टाइगर को प्रत्याशी घोषित किया है।
राजनगर (सुरक्षित) सीट से पूर्व मंत्री रामप्रीत पासवान की जगह सुजीत पासवान को उम्मीदवार बनाया गया है। नरपतगंज से जयप्रकाश यादव की जगह देवयंती यादव, और औराई सीट से पूर्व मंत्री रामसूरत राय की जगह रमा निषाद को टिकट मिला है। रमा निषाद पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं।
इसी तरह, कटोरिया (सुरक्षित) सीट से निक्की हेंब्रम की जगह पूरनलाल टुडू, और कुम्हरार सीट से अरुण सिन्हा की जगह संजय गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया है।
टिकट कटने पर विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने पूरी शालीनता से प्रतिक्रिया देते हुए कहा — “मैं भाजपा के निर्णय का सम्मान करता हूं। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। नई पीढ़ी का स्वागत है, अभिनंदन है।” उन्होंने पटना साहिब की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि “लगातार सात बार विधायक बनाने के लिए मैं उनका आभारी हूं।”
भाजपा की यह पहली सूची बताती है कि पार्टी इस चुनाव में नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व के साथ उतरने की तैयारी में है।

