Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपने 71 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे बड़ा नाम जो चर्चा में है, वह है विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, जिन्हें इस बार पटना साहिब सीट से टिकट नहीं दिया गया है। पार्टी ने उनकी जगह रत्नेश कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, कुम्हरार सीट से लंबे समय से चुनाव लड़ते आ रहे अरुण कुमार सिन्हा की जगह संजय गुप्ता को टिकट मिला है। पार्टी ने कई पुराने और वरिष्ठ नेताओं पर भरोसा कायम रखते हुए उन्हें एक बार फिर मैदान में उतारा है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी को बेतिया, पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा को झंझारपुर, और नीरज कुमार बबलू को छातापुर से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, जदयू से भाजपा में लौटे सुनील कुमार पिंटू को सीतामढ़ी से टिकट दिया गया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद को कटिहार, पूर्व मंत्री आलोक रंजन झा को सहरसा, संजय सरावगी को दरभंगा, जीवेश मिश्रा को जाले, और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को सिवान से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
इसके अलावा, मंत्री कृष्ण कुमार मंटू को अमनौर, सुरेंद्र मेहता को बछवारा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर, विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय, और नितिन नवीन को बांकीपुर से टिकट मिला है।
भाजपा ने राघवेंद्र प्रताप सिंह को बरहरा, संजय सिंह टाइगर को आरा, प्रेम कुमार को गया, और श्रेयसी सिंह को जमुई से उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा इस बार राजग गठबंधन के तहत 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें से 71 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। शेष 30 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जाएगी।
पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तय की गई है। भाजपा की पहली सूची से यह साफ संकेत मिल रहा है कि पार्टी ने अनुभव और नए चेहरों का संतुलन साधने की कोशिश की है।

