Hazaribag News:- झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग पुलिस ने भाकपा (माओवादी) के कुख्यात पूर्व जोनल कमांडर और सक्रिय सदस्य सुनिल गंझू को गिरफ्तार किया है। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि सुनियोजित और सटीक छापेमारी के दौरान बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाट गांव से सुनिल गंझू को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से चतरा जिले के पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश, विस्फोटक अधिनियम और हथियार अधिनियम जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े कुल 54 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के माओवादी कमांडर शहदेव महतो और सब-जोनल कमांडर नताशा अपने चार से पांच साथियों के साथ बड़कागांव क्षेत्र में सक्रिय हैं और कोल कंपनियों व व्यापारियों से लेवी वसूलने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अधिकांश नक्सली जंगल की ओर भाग गए, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनिल गंझू को पकड़ लिया।
गिरफ्तार माओवादी के पास से संगठन के लेटर पैड, झोला और गमछा बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने नक्सली संगठन की गतिविधियों, नेटवर्क और लेवी वसूली के तरीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि सुनिल गंझू की गिरफ्तारी नक्सल विरोधी अभियान के लिए एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि संगठन के अन्य सक्रिय सदस्यों की पहचान कर ली गई है और बहुत जल्द उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। हजारीबाग जिले में पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान को और तेज कर दिया है ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल की जा सके।

