Hazaribag News:- हजारीबाग पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बोकारो-हजारीबाग सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के एक ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है।
बरामदगी में दो एसएलआर राइफलें, कई मैगजीन, बड़ी संख्या में कारतूस, पिट्ठू बैग, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में कर रहे थे।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन के कुछ सदस्य बोकारो और हजारीबाग की सीमा से सटे जंगल क्षेत्रों में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जंगल में बने एक ठिकाने से यह हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि अभियान के दौरान सीआरपीएफ की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने कहा कि “बरामद हथियारों से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे। पुलिस की सतर्कता और संयुक्त कार्रवाई से उनकी योजना नाकाम हो गई।”
बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों और जंगलों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, साथ ही नक्सलियों की संभावित गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एसपी ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान राज्यव्यापी रणनीति का हिस्सा है और आने वाले दिनों में इसे और तेज किया जाएगा ताकि शेष नक्सली गुटों को भी जल्द ही समाप्त किया जा सके।

