Ranchi News:- राजधानी रांची में सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बालसिरिंग इलाके की है। मुठभेड़ में एक अपराधी आफताब गोली लगने से घायल हुआ, जबकि पुलिस ने मौके से दो अपराधियों — सोनू और एक अन्य — को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ स्थल से तीन पिस्टल बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये वही अपराधी हैं जिन्होंने हाल ही में डोरंडा थाना क्षेत्र में मोनू राय के घर पर फायरिंग की थी।
रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुजीत सिन्हा गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों की सूचना मिलने पर कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम को अलर्ट किया गया था। इसी दौरान एक बाइक सवार को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया, जिसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई।
पूछताछ में उसकी पहचान सुजीत सिन्हा गैंग के अपराधी सोनू के रूप में हुई। सोनू ने बताया कि उसके बाकी साथी बालसिरिंग पहाड़ के पास शराब पी रहे हैं।
इस सूचना पर ग्रामीण एसपी ने तुरंत टीम गठित की और इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आफताब को गोली लगी, जबकि दो अपराधी गिरफ्तार कर लिए गए।
घटना की सूचना पर रांची एसएसपी राकेश रंजन भी मौके पर पहुंचे और जांच का जिम्मा अपने हाथ में लिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

