Nawada News:- नवादा जिले के रजौली स्थित बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र चितरकोली में रविवार को उत्पाद बलों ने कलकत्ता से बिहारशरीफ जा रही एक बस से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त कर बड़ी कार्रवाई की। शराब को मूर्तियों की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में बस के चालक, कंडक्टर और खलासी सहित तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि मद्य निषेध और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उत्पाद बलों की टीमों ने झारखंड की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। जांच चौकी का नेतृत्व उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे थे। रविवार की सुबह उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार ने जांच के दौरान बस की छत पर सात कार्टून में बंद विदेशी शराब बरामद की।
बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड 750 एमएल की 24 बोतलें, रॉयल स्टैग की 48 बोतलें और माउंटेन ऑक की 48 पीस पेट बोतल शामिल हैं। शराब के साथ बस के चालक, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों में बांका जिले के सुरेंद्र यादव के पुत्र रविंद्र कुमार, नालंदा जिले के मो. इलाही मियां के पुत्र मो. नुमान और झारखंड के दुमका जिले के नोनू लाल यादव के पुत्र सॉकेट लाल यादव शामिल हैं।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जांच चौकी पर शराब की बरामदगी के अलावा ट्रकों और अन्य वाहनों की जांच के लिए हैंड स्कैनर मशीन भी लगाई गई थी। इस मौके पर उत्पाद एएसआई दीपक कुमार शर्मा, अस्थाई चेक नाका पर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार गावस्कर, पीटीसी उपेंद्र कुमार, सिपाही अरविंद कुमार एवं पंकज कुमार और गृहरक्षक के जवान उपस्थित थे।
अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी अवैध शराब परिवहन या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत उत्पाद बल या पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी

