Chaibasa News:- झारखंड-ओडिशा सीमा के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चाईबासा जिले के नोवामुंडी प्रखंड के जामपानी गांव निवासी दीपेश नायक के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक दीपेश नायक अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पुरुषोत्तमपुर गांव के पास अचानक जंगल से निकला एक हाथी सामने आ गया। हाथी ने पहले बाइक को सूंड से पटक दिया और फिर दीपेश पर हमला कर उन्हें कुचल दिया।
पत्नी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही और गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वन विभाग अधिकारियों के अनुसार, हादसा ओडिशा सीमा क्षेत्र में हुआ है, जबकि मृतक झारखंड का निवासी था।
फिलहाल टीम ने इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

