Patna News:- राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की गश्ती टीम ने दीदारगंज थाना क्षेत्र के छाई रोड स्थित टोल प्लाज़ा के पास से 9 लाख रुपये मूल्य की कोडीन फास्फेट सिरप जब्त की।
जानकारी के अनुसार, गश्ती टीम दीदारगंज इलाके में नियमित जांच अभियान पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को देखकर टीम को संदेह हुआ। वाहन चालक द्वारा दिशा बदलने पर पुलिस ने तुरंत पीछा किया। पीछा करने के क्रम में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया, जबकि चालक और खलासी मौका पाकर फरार हो गए।
50 कार्टन सिरप जब्त, कीमत 9 लाख रुपये
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे सोयाबीन और चिप्स के बोरे के नीचे भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन फास्फेट सिरप छिपाई गई थी। पुलिस ने मौके से 50 कार्टन (कुल 7500 बोतलें) जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज
विभागीय सूत्रों ने बताया कि जब्त सिरप मादक पदार्थ अधिनियम और बिहार मद्यनिषेध कानून के तहत आती है। फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सिरप की यह खेप कहां से मंगाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।

