Gopalganj News:- आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भोरे विधानसभा सीट (103-सुरक्षित) इस बार सियासी मुकाबले का केंद्र बनने जा रही है। इस सीट से जन सुराज पार्टी ने सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति किन्नर को अपना उम्मीदवार घोषित कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।अब यहां मुकाबला सीधे जदयू के मौजूदा विधायक और बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार राम से होने जा रहा है।
हालांकि एनडीए और महागठबंधन ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, लेकिन प्रीति किन्नर के मैदान में उतरने से भोरे का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गया है।प्रीति किन्नर मूल रूप से सीतामढ़ी जिले की निवासी हैं, लेकिन पिछले 15 वर्षों से भोरे क्षेत्र के कल्याणपुर में रह रही हैं। उन्होंने अपने जीवन को समाज सेवा को समर्पित किया है। वे वर्षों से महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के बीच काम कर रही हैं। हर साल वे क्षेत्र में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित करती हैं, जिससे गरीब परिवारों की बेटियों की शादी बिना किसी आर्थिक बोझ के संपन्न होती है।
“जनता के आग्रह पर चुनावी मैदान में उतरी हूं” — प्रीति किन्नर
अपने प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रीति किन्नर ने कहा कि,“मैं राजनीति में किसी स्वार्थवश नहीं, बल्कि जनता के आग्रह पर उतरी हूं। भोरे की जनता ने हमेशा मुझे सम्मान दिया है, अब मैं उनके विकास के लिए समर्पित रहूंगी। मेरी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को सुदृढ़ करना होगी।”उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे क्षेत्र में स्थानीय रोजगार सृजन पर ध्यान देंगी ताकि मजदूरों का पलायन रुक सके।
14 अक्टूबर को करेंगी नामांकन
प्रीति किन्नर ने बताया कि वे 14 अक्टूबर को हथुआ अनुमंडल कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, उनके समर्थन में प्रदेशभर से किन्नर समुदाय के लोग भोरे पहुंच रहे हैं, जो नामांकन के दिन अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
भोरे में बदल सकता है सियासी गणित
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भोरे विधानसभा सीट पारंपरिक रूप से जदयू के कब्जे में रही है, लेकिन इस बार जन सुराज पार्टी के इस कदम से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। जनता के बीच “परिवर्तन की लहर” की चर्चा तेज है।

