Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक मिश्रीलाल यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया और भाजपा नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए।
मिश्रीलाल यादव ने कहा कि अब भाजपा में बने रहना उनके लिए असंभव हो गया है, क्योंकि पार्टी में गरीबों, दलितों और पिछड़ों का सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन वर्गों के लिए कभी काम नहीं किया। “मैं हमेशा गरीबों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ता रहा हूं। भाजपा में अब स्वाभिमान बचा पाना मुश्किल है,” उन्होंने कहा।
पूर्व भाजपा विधायक ने कहा कि वे एक समाजवादी और सेक्युलर विचारधारा के व्यक्ति हैं और अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने याद दिलाया कि 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अलीनगर सीट से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर जीत हासिल की थी, और बाद में भाजपा में शामिल होकर वहां राजग का परचम फहराया था।
मिश्रीलाल यादव ने कहा, “30 सालों में अलीनगर में एनडीए का विधायक नहीं था। मैंने भाजपा को यह सीट दिलाई, लेकिन इसके बावजूद मुझे लगातार अपमानित किया गया। पार्टी में मेरे जैसे विधायक का कोई सम्मान नहीं है।”
उन्होंने यह भी बताया कि वे एक संघर्षशील यादव परिवार से आते हैं, जिन्होंने राजनीति की शुरुआत ग्राम पंचायत मुखिया के चुनाव से की थी। वे दो बार विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) रह चुके हैं और अब विधायक के रूप में कार्यरत हैं।
हालांकि यादव ने अभी यह नहीं बताया कि वे किस दल में शामिल होंगे, लेकिन कहा, “जहां सम्मान मिलेगा, वहीं जाऊंगा।” राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उनका अगला ठिकाना राष्ट्रीय जनता दल (राजद) हो सकता है।

