Nawada News:- नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती सवैयाटांड़ पंचायत के चटकरी गांव स्थित शारदा अभ्रक माइंस में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने उजले पत्थरों से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया और चालक सह मालिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान आशीष सिंह, पिता चतलाल सिंह, निवासी जोरा सिमर, थाना डोमचांच, जिला कोडरमा (झारखंड) के रूप में हुई है।
रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि शारदा माइंस में अवैध खनन की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। फॉरेस्टर आदेश कुमार, पीयूष कुमार, तथा वनरक्षी रंजन कुमार, मनोज साव, नीतीश कुमार और रवि कुमार के साथ मिलकर रातों-रात छापेमारी की गई।
गिरफ्तार चालक आशीष सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह बीते कई दिनों से माइंस से पत्थर ढो रहा था और यह उसकी 13वीं खेप थी। उसने कहा कि वह ट्रैक्टर को ढाई लाख रुपये में एग्रीमेंट के जरिए खरीदा था।
वन विभाग ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
दर्जनों माइंस में जारी अवैध ब्लास्टिंग
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सवैयाटांड़ पंचायत में शारदा माइंस के अलावा दर्जनों अन्य अभ्रक खदानों में भी अवैध ब्लास्टिंग और खनन जारी है। ठेकेदार रात में जिलेटिन और डेटोनेटर से ब्लास्टिंग करवा रहे हैं, जिससे मजदूरों की जान जोखिम में है।मजदूरों से बेहद कम मजदूरी पर अभ्रक चुनवाया जाता है, जबकि ठेकेदार इन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटी कमाई कर रहे हैं।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। रेंजर ने स्पष्ट किया कि “अवैध खनन में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”


