Patna News:– भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को ज्योति सिंह ने पटना में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) से मुलाकात की। मुलाकात शेखपुरा हाउस स्थित जन सुराज कार्यालय में हुई।
ज्योति सिंह ने मुलाकात के बाद मीडिया से कहा,“मैं यहां टिकट मांगने या चुनाव लड़ने के लिए नहीं आई हूं। मेरा उद्देश्य केवल इतना है कि जो अन्याय मैंने झेला है, वैसा कोई और महिला न झेले। मैं उन सभी पीड़ित महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं। हमारी बातचीत में चुनाव या टिकट से जुड़ा कोई विषय नहीं उठा।”
वहीं प्रशांत किशोर ने मुलाकात की पुष्टि करते हुए कहा कि ज्योति सिंह उनसे एक बिहारी महिला के रूप में मिलने आई थीं। उन्होंने बताया,“उन्होंने न तो चुनाव लड़ने की बात की और न ही टिकट मांगा। वे एक गंभीर अन्याय का सामना कर रही हैं और चाहती हैं कि बिहार में किसी और महिला को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।”
पीके ने आगे कहा कि जन सुराज उनकी सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए साथ है, लेकिन पार्टी किसी पारिवारिक विवाद में भूमिका नहीं निभा सकती। उन्होंने ज्योति सिंह को सलाह दी कि वे कानून के दायरे में रहकर अपनी लड़ाई लड़ें।
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा,“पवन सिंह मेरे मित्र हैं, लेकिन उनके पारिवारिक मामलों पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। ज्योति सिंह मुझसे सामाजिक मुद्दे पर बात करने आई थीं, न कि किसी राजनीतिक लाभ के लिए।”


