Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन शुक्रवार, 10 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है, लेकिन अब तक न तो महागठबंधन और न ही एनडीए गठबंधन की ओर से सीटों की औपचारिक घोषणा की गई है। दोनों ही गठबंधनों में सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बनने में देरी हो रही है।
इस बीच, मीडिया में चल रही अटकलों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने एनडीए गठबंधन में किसी भी तरह के मतभेद की बात को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा—“एनडीए में ऑल इज वेल है। सीट बंटवारे को लेकर अंतिम बातचीत जारी है और अगले दो से तीन दिनों में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।”
जायसवाल ने कहा कि एनडीए में सीटों के साथ उम्मीदवारों के नामों की भी जल्द घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि गठबंधन के सभी घटक दलों का केंद्रीय नेतृत्व इस पर लगातार संवाद में है। “हमारी चुनावी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं—कैंडिडेट के नॉमिनेशन से लेकर प्रचार रणनीति तक सब तय हो चुका है,” उन्होंने कहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि सीएम नीतीश कुमार सहित प्रमुख प्रचारक नेताओं के प्रचार कार्यक्रम भी तय कर लिए गए हैं।
राजद पर निशाना साधते हुए जायसवाल ने कहा—“बिहार अब लालटेन युग से निकलकर बिजली के युग में आ गया है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ा है। पहले सोनपुर तक पहुंचना मुश्किल था, अब पूर्णिया से पटना कुछ घंटों में सफर तय हो जाता है।”
गौरतलब है कि गुरुवार को दिनभर यह चर्चा रही कि शाम तक एनडीए और महागठबंधन दोनों अपने सीट बंटवारे का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि देर रात तक किसी भी दल की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं की गई।
फिलहाल, चुनाव नामांकन से पहले की अंतिम घड़ी में राजनीतिक हलचलें तेज हैं और सभी की निगाहें एनडीए की सीट बंटवारे की घोषणा पर टिकी हैं।

