Araiya News:- भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 56वीं वाहिनी ने बुधवार शाम एक बड़ी सफलता हासिल की। बेला वार्ड संख्या आठ स्थित सीमा क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एसएसबी की टीम ने 33 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में दो नेपाली नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी की ई समवाय चौकी के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से कुछ लोग भारतीय क्षेत्र में नशीले पदार्थ की तस्करी करने आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एसएसबी ने सीमा स्तंभ संख्या 197/4 के पास नाका चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 33 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, नेपाल से आए तस्कर भारतीय क्षेत्र में ब्राउन शुगर की डिलीवरी देने पहुंचे थे, लेकिन एसएसबी की तत्परता के चलते उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। बरामद ब्राउन शुगर की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद एसएसबी ने सभी आरोपियों को जब्त ब्राउन शुगर समेत बसमतिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह तस्करी किस नेटवर्क से जुड़ी थी और भारत के किन इलाकों में इस नशे की सप्लाई की जानी थी।
एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर ड्रग्स की तस्करी पर रोक लगाने के लिए गश्त और नाका चेकिंग को और अधिक सख्त किया जाएगा। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा बलों को दें।

