Patna News:- भोजपुरी यूट्यूबर मनी मेराज की गिरफ्तारी ने पटना और यूपी पुलिस दोनों को सुर्खियों में ला दिया है। सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो बनाकर सस्ती लोकप्रियता बटोरने वाले मनी मेराज को शनिवार देर शाम यूपी पुलिस ने पटना के बेऊर इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें गर्दनीबाग थाने में रखा और देर रात जज के आवास पर ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया, लेकिन आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण रिमांड नहीं मिल सका।
मनी मेराज के वकील शिवनंद भारती ने इस गिरफ्तारी को पूरी तरह अवैधानिक और साजिशपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि “यह मामला रेप का नहीं बल्कि लिव-इन रिलेशनशिप का है, जिसे राजनीतिक और धार्मिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।” वकील के मुताबिक, पुलिस ने प्रक्रिया का पालन नहीं किया और आरोपी को अनुचित तरीके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनी मेराज पर गाजियाबाद में दुष्कर्म, मानसिक उत्पीड़न और लव जिहाद के गंभीर आरोप दर्ज हैं। शिकायत दर्ज करने वाली युवती, जो खुद यूट्यूबर हैं और भागलपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं, ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल 2022 को मेराज ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद तीन वर्षों तक मानसिक, धार्मिक और शारीरिक शोषण किया गया।
शिकायत पर 18 सितंबर 2025 को गाजियाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद यूपी पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन पटना में ट्रेस की और कार्रवाई की।
पटना पुलिस ने बताया कि मेराज को रविवार सुबह 10:30 बजे पटना सिविल कोर्ट में दोबारा ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। फिलहाल वह यूपी पुलिस की कस्टडी में हैं।
सोशल मीडिया पर इस गिरफ्तारी को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे विवादित कंटेंट क्रिएटर की छवि से जोड़कर देख रहे हैं।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों के अधिकारों की रक्षा की जाएगी।

