Patna News:- बिहार के कैमूर जिले में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दुर्गावती थाना क्षेत्र के छज्जूपुर तालाब के पास एनएच-19 पर हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन के अंदर सवार लोग फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। हादसे के बाद एनएच पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मरने वालों की पहचान झारखंड के अंसार नगर निवासी मुस्लिम अंसारी (48 वर्ष), रोहतास जिले के नेकरा गांव निवासी मुन्ना अंसारी (45 वर्ष) और रजिया खातून (60 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, घायलों में हजरा खातून, उमर अंसारी और अशरफ अंसारी शामिल हैं। चार घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी लोग रोहतास जिले के नेकरा गांव से स्कॉर्पियो पर सवार होकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। छज्जूपुर पोखरा के पास उनकी गाड़ी तेज रफ्तार में कंटेनर से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई टीम और दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया।
दुर्गावती थाना के एसआई विजेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और सात लोग घायल हैं। घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि कंटेनर और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों को सामने लाता है।

