Nawada News:- बिहार के नवादा जिले में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक रूप ले लिया। मेसकौर थाना क्षेत्र के नवडीहा गांव में सास की हत्या कर शव ठिकाने लगाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतका की बहू और उसके दो सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि बहू ने घरेलू कलह से तंग आकर यह खौफनाक साजिश रची थी। उसने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए गया जिले के पहाड़ पर फेंक दिया। पुलिस ने जांच के बाद मृतका की पहचान नवडीहा गांव की किरण देवी के रूप में की।
नवादा के एसपी ने बताया कि किरण देवी के गायब होने की शिकायत 23 जून को दर्ज कराई गई थी, जिसमें कहा गया था कि वह 8 जून से ही लापता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान कई साक्ष्य सामने आए, जिसके आधार पर पुलिस ने पाया कि मृतका की बहू कंचो देवी ने ही यह साजिश रची थी। घरेलू विवाद को लेकर उसने किरण देवी को अपने सहयोगियों के साथ गया ले जाकर हत्या कर दी और शव को पहाड़ पर फेंक दिया। बाद में पुलिस ने शव को बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद पहचान की पुष्टि हुई।
पुलिस ने कंचो देवी और उसके दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवारिक विवाद में इस तरह की निर्मम हत्या किसी ने सोचा भी नहीं था। सास-बहू के रिश्ते में तनाव का यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

