Bhagalpur News:– भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरडीह गांव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से गांव और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान भैरव मंडल के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि भैरव मंडल का गांव में कई बार विवाद हुआ था और पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। मृतक के भाई भोला मंडल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि उसके भाई को कुछ लोगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने भाई को गंभीर हालत में पाया।
तुरंत पुलिस को सूचित किया गया और 112 टीम की मदद से भैरव को मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में करीब दो घंटे तक इलाज शुरू नहीं किया गया। उनका कहना है कि अगर समय पर चिकित्सकीय सुविधा मिल जाती तो शायद भैरव की जान बच सकती थी।
भोला मंडल ने गांव के ही बंधु मंडल, बबलू मंडल, सुरू मंडल और नूपुर मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये लोग लगातार झगड़ा करते रहे और अंततः उनके भाई की जान ले ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना से जहां मृतक का परिवार गमजदा है, वहीं गांव में भी भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


