जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई
Ranchi News:- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मंगलवार को राजधानी रांची में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की कार्रवाई कडरू, कांके स्थित कांके रिसॉर्ट और रातू रोड स्थित सुखदेव नगर सहित कई स्थानों पर जारी है।
ईडी की यह कार्रवाई जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर की जा रही है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच-पड़ताल कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
गौरतलब है कि ईडी की टीम ने 10 जुलाई 2024 को भी रांची के कांके प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया था। उस दौरान टीम ने अंचल क्षेत्र में विवादित जमीन का सत्यापन किया था। जानकारी के अनुसार, वह जमीन कांके के चामा मौजा में स्थित थी और सीएनटी एवं सरकारी भूमि के रूप में चिन्हित की गई थी। ईडी ने उस समय कांके रिसॉर्ट और कांके अंचल कार्यालय पहुंचकर जमीन से जुड़े दस्तावेज खंगाले थे।
सूत्रों के मुताबिक, उसी विवादित जमीन के मामले में ईडी ने अब एक बार फिर से छापेमारी की है। एजेंसी का शक है कि जमीन घोटाले के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की गई है और इसमें कई प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता हो सकती है।
ईडी की टीमें छापेमारी के दौरान जमीन से संबंधित कागजात, रजिस्ट्री रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिन जमीनों पर विवाद है, उन्हें खरीदने-बेचने और ट्रांसफर करने में किन लोगों की भूमिका रही है।
ईडी की छापेमारी से रांची शहर में हलचल मच गई है। हालांकि, अभी तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि यह छापेमारी देर तक जारी रह सकती है और इसमें कई अन्य ठिकाने भी शामिल किए जा सकते हैं।

