Patna News:- शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ आज से पूरे देश में भक्ति और उल्लास के साथ हो गया है। मां दुर्गा की आराधना में लोग गहरे श्रद्धा भाव से डूबे हुए हैं। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मां दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं। नवरात्र के नौ दिनों तक मां के नौ स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व है। इनकी उपासना से भक्तों के जीवन में शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मां दुर्गा करुणा, परोपकार और कल्याण की प्रतीक हैं, जो अपने साधकों और भक्तों को सद्मार्ग पर अग्रसर करती हैं।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व जहां शक्ति की उपासना का संदेश देता है, वहीं समाज में सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग इस पर्व को शांति, आपसी भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आशा व्यक्त की कि नवरात्रि का यह पावन पर्व राज्य और देश के सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मां दुर्गा की कृपा से समाज में शांति, सद्भाव और प्रगति का वातावरण बनेगा।
नवरात्रि की शुरुआत होते ही मंदिरों और देवी स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया है। जगह-जगह भक्तिमय माहौल के बीच मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा है।


