Saharsa News:- बिहार में चल रही अधिकार यात्रा शुक्रवार को सहरसा पहुंची। इस दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। सहरसा स्टेडियम परिसर के पास आयोजित जनसभा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और तालियों व नारों के बीच तेजस्वी का अभिनंदन किया।
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इस यात्रा में जनता का जो अपार समर्थन मिल रहा है, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि बिहार आज भी बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार की मार झेल रहा है। राज्य में अब तक एक भी बड़ा उद्योग या फैक्ट्री नहीं लगाया गया है, जिसके कारण युवा पलायन को मजबूर हैं।
तेजस्वी ने वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार और नौकरी के अवसर दिए जाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “बिहार में पढ़ाई, कमाई और दवाई की व्यवस्था कराना हमारी प्राथमिकता होगी।”
नेता प्रतिपक्ष ने भ्रष्टाचार पर भी हमला बोला और कहा कि भ्रष्टाचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जिन युवाओं के पास डिग्री है, उनके हाथों में नौकरी होगी और उन्हें अपने घर-गांव में ही रोजगार मिलेगा।
तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस विजन या योजना नहीं है। “वे सिर्फ हमारी योजनाओं की नकल करते हैं और जनता को गुमराह करने का काम करते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात में फैक्ट्रियां लगाई जा रही हैं, जबकि बिहार को सिर्फ वोट बैंक के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने भीड़ से अपील की कि एक बार अवसर दीजिए, बिहार का विकास पटरी पर लौटेगा। साथ ही कहा कि 20 साल पहले जो सामाजिक न्याय की सरकार थी, उसे फिर से लाना है ताकि बिहार को एक नई दिशा और पहचान मिल सके।

