Palamu News:- जिले में सांप के डंसे एक युवक की मौत के बाद मंगलवार को पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमआरएमसीएच) में अंधविश्वास का अजीब नजारा देखने को मिला। हैदरनगर प्रखंड के पतरिया गांव निवासी 24 वर्षीय अजय कुमार को सुबह जहरीले सांप ने काट लिया था। पहले उसे हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद वार्ड में अचानक अफरातफरी मच गई। दरअसल, एक अनजान महिला खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाली बताकर अजय को जिंदा करने का दावा करने लगी। वह पास से तेल निकालकर मृत शरीर पर लगाने लगी और प्रार्थना करते हुए धार्मिक किताबें निकाल लीं। इस बीच मृतक के महिला परिजन भी अंधविश्वास में फंसकर उसके साथ शामिल हो गए।
अस्पताल का माहौल कुछ देर के लिए बेहद विचित्र हो गया। आसपास भर्ती मरीज और उनके परिजन सकते में आ गए। इसी दौरान सूचना मिलने पर एमआरएमसीएच चेकपोस्ट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को समझाया और अंधविश्वास फैलाने से रोका। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा करने पर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अजय कुमार के पुरुष परिजन शव को ले जाने के लिए गाड़ी की तलाश में बाहर गए थे। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि युवक की मौत हो चुकी है और पोस्टमार्टम कराना जरूरी है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर शव अपने गांव ले गए।
तंत्र-मंत्र करने वाली महिला की पहचान लातेहार जिले की सुंदरी देवी के रूप में हुई है। वह अपनी सास का इलाज कराने अस्पताल आई थी। पूछे जाने पर उसने कहा कि उसके गांव में लोग सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के काटने पर सिर्फ परमेश्वर की प्रार्थना से ठीक हो जाते हैं, इसलिए उसने यहां भी वही प्रयास किया।
पुलिस और डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में तुरंत चिकित्सा इलाज जरूरी है, अंधविश्वास से जान बचना संभव नहीं है।


