Betia News:- भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की 44वीं बटालियन ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई की। पिलर संख्या 433 के पास भतुजला इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में जवानों ने 101 किलो गांजा बरामद किया। सूत्रों के मुताबिक एसएसबी को पहले से जानकारी मिली थी कि तस्कर नेपाल से गांजा लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। इसी सूचना पर जवानों ने सीमा क्षेत्र में निगरानी और गश्त तेज कर दी। इसी दौरान तस्करों की गतिविधि संदिग्ध पाई गई। जवानों को देख तस्कर बोरा फेंक मौके से फरार हो गए। जांच करने पर बोरे से 101 किलो गांजा बरामद हुआ।
जब्त गांजा को एसएसबी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सहोदरा थाना पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि गांजा तस्करी के इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार तस्करों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशीले पदार्थों की तस्करी सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। तस्कर सीमावर्ती गांवों के रास्ते से होकर भारत में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में एसएसबी और स्थानीय पुलिस मिलकर इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि नेपाल से भारत आने वाले नशीले पदार्थों की आपूर्ति बिहार और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों तक फैलाई जाती है। हाल के दिनों में गांजा और शराब की तस्करी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। इसे रोकने के लिए सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है और चौकसी और सख्ती बढ़ा दी गई है।

