Ranchi News:- दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने शुरू कर दिए हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने सभी जिलों के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं।
झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं। छुट्टियां रद्द करने का यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि त्योहारों के दौरान बड़े पैमाने पर भीड़ उमड़ती है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल की आवश्यकता होती है।
निर्देश के मुताबिक जोनल आईजी, डीआईजी, जिलों के एसपी और बटालियन के कमांडेंट को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की सख्त निगरानी करने का आदेश दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार पेट्रोलिंग और चौकसी बढ़ाने को कहा गया है।
पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि केवल विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी स्वीकृत की जाएगी और इसके लिए संबंधित अधिकारी की अनुमति आवश्यक होगी। इसके साथ ही इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
गौरतलब है कि दुर्गा पूजा के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों में हजारों की संख्या में पंडाल सजाए जाते हैं और श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटते हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हर वर्ष अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाती है। इस बार राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय पहले से ही सतर्क है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे पूजा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।

