Bhagalpur News:- भागलपुर के समाजसेवी और जीवन जागृति सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह को लंदन में आयोजित 14वें वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में बेस्ट कम्युनिटी इम्पैक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करने के बाद रविवार को जब वे भागलपुर लौटे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया।
रेलवे स्टेशन पर जीवन जागृति सोसाइटी के सदस्यों और समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। जगह-जगह स्वागत समारोह आयोजित किए गए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच नागरिकों ने यह जताया कि उनकी इस सफलता पर पूरा भागलपुर गर्व महसूस कर रहा है।
इस वैश्विक आयोजन में उन्हें यह पुरस्कार ऑक्सफोर्ड (लंदन) के मेयर लुइयर ऑट्टन ने प्रदान किया। समाज सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें सराहा गया। डॉ. अजय ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कई सफल अभियान चलाए हैं, जिनसे हजारों लोगों का जीवन बदला है।
भागलपुर लौटने पर आयोजित स्वागत समारोह में डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे भागलपुर और बिहार का है। उन्होंने कहा कि यह अवार्ड उस पूरी टीम और समाज के लिए है, जिन्होंने समाज सेवा की राह में उनका साथ दिया।
जीवन जागृति सोसाइटी के डॉ. सत्येंद्र कुमार ने भी डॉ. अजय को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि युवाओं को प्रेरणा देगी और समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
डॉ. सिंह लंबे समय से वंचित तबकों के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का प्रसार हुआ है, स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनी है और सामाजिक चेतना की नई लहर पैदा हुई है। यही वजह है कि उन्हें आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान दोनों प्राप्त हुए हैं।

