प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी, 30 अधिकारियों की तैनाती
Patna News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी रविवार 15 सितम्बर को बिहार के पूर्णिया जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे राज्य को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। सबसे अहम, नवनिर्मित पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा, जिससे बिहार को एक और वाणिज्यिक एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कोसी-मेंची लिंक परियोजना, पटना मेट्रो सहित कई विकास योजनाओं की नींव रखेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 30 अधिकारियों की तैनाती की है। ये अधिकारी 14 और 15 सितम्बर को पूर्णिया समाहरणालय में ड्यूटी पर रहेंगे।
पूर्णिया एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम में केवल विशिष्ट और आमंत्रित अतिथियों को ही प्रवेश मिलेगा। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी शीशाबाड़ी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसभा में आम जनता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और लाखों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए पांच बड़े हैंगर का निर्माण कराया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर विस्तृत रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था तैयार की है। कसबा, डगरूआ लेन, गुलाबबाग मार्केटिंग यार्ड, शीशाबाड़ी चौक और जीरोमाइल सहित करीब 16-17 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। ताकि बाहर से आने वाले वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जा सके।
जिला प्रशासन का मानना है कि पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने से न सिर्फ उत्तर बिहार बल्कि सीमांचल और आसपास के राज्यों के यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। वाणिज्यिक विमान सेवा की शुरुआत से रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री के इस दौरे से बिहार को विकास की नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


