Palamu News:-पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पुलिस चेकिंग के दौरान मवेशी लदे वाहनों से सुरक्षाबलों को रौंदने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि पुलिस की तत्परता से दोनों वाहन पकड़े गए और तस्करों की साजिश नाकाम हो गई।
घटना 11 सितंबर की सुबह 11 बजे की है, जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पड़वामोड़ से छतरपुर की ओर दो पिकअप गाड़ियों में अवैध रूप से मवेशी ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर नावा बाजार चेकपोस्ट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब 11.50 बजे जैसे ही दोनों पिकअप वाहन दिखाई दिए, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालकों ने जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से चेकपोस्ट पार कर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत पीछा कर दोनों वाहनों (बीआर 26 जीबी 7046 एवं जेएच 03 एआर 5255) को पकड़ लिया और चालकों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चैनपुर के लिधकी पूर्व निवासी जुनाब अंसारी (35) और औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड के वंशीबिगहा गांव निवासी रंजीत कुमार (20) के रूप में हुई है। वाहनों से भैंस, भैंसा और कडरू समेत कई मवेशी बरामद किए गए हैं, जिन्हें क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चैनपुर के पूर्णामझिगांव निवासी इकबाल मियां, नावा बाजार के सफीक आलम साह उर्फ छोटू और मनीर साह के निर्देश पर मवेशियों को पलामू से बिहार के संडा इलाके तक पहुंचा रहे थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं बरामद मवेशियों को सुरक्षित रखवाने की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में पशु तस्करी की घटनाओं पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।


