East Chamapran News:- मोतिहारी शहर से सटे रघुनाथपुर भलुआ वार्ड नंबर 27 में बुधवार को दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और उसकी गर्भवती बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतका की पहचान मुकेश महतो की पत्नी श्रीमती देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल बेटी का नाम गुंजा कुमारी है। दोनों को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्रीमती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुंजा कुमारी का इलाज जारी है।
झगड़े की शुरुआत और घटना
मंगलवार की शाम मुकेश महतो और उसके पड़ोसी टुन्ना महतो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया, लेकिन बुधवार सुबह फिर से दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि टुन्ना महतो अपने परिवार के साथ मुकेश महतो के घर पहुंचा और वहीं बैठी उसकी पत्नी और बेटी से मारपीट करने लगा। इस दौरान चाकूबाजी हुई, जिसमें दोनों महिलाएं बुरी तरह जख्मी हो गईं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रघुनाथपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में टुन्ना महतो, पुरन महतो और एक महिला शामिल है। थानाध्यक्ष अलका सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पड़ोसी विवाद को शांत कराने के लिए समय पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए थी। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच में जुटी है।

