Ranchi News:- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने बुधवार को झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता और पूर्व विधायक दिवंगत दुर्गा सोरेन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री दंपत्ति नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिवंगत दुर्गा सोरेन झारखंड आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने अलग राज्य की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज झारखंड राज्य अस्तित्व में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उनकी जयंती पर हम सभी एकत्रित होकर उन्हें नमन कर रहे हैं और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दुर्गा सोरेन जैसे नेताओं के योगदान और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। उनके आदर्श और संघर्ष भावना से हमें हमेशा शक्ति मिलती रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार झारखंड आंदोलन के शहीदों और नेताओं की स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वहीं, विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि दुर्गा सोरेन का जीवन झारखंडी समाज के लिए मिसाल है। उन्होंने सदैव जनता की भलाई और झारखंड की अस्मिता के लिए संघर्ष किया।
इस अवसर पर कई स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और आम लोग भी उपस्थित थे, जिन्होंने दिवंगत दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम का माहौल भावुक और श्रद्धामय रहा।
