New Delhi News:- देश के 17वें उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन में मंगलवार को मतदान शुरू हुआ। मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई और शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले 10 बजे मतदान किया। उनके बाद गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने अपने-अपने वोट डाले।
इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और विपक्षी इंडी गठबंधन के उम्मीदवार सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधी टक्कर है। मतदान के बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी और देर रात तक नतीजे आने की संभावना है।
विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने मतदान से पहले कहा कि वह सांसदों की अंतरात्मा को जगाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वे जीत दर्ज करेंगे। वहीं, भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विश्वास जताया कि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन भारी अंतर से विजयी होंगे।
विपक्ष की ओर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर समेत कई सांसदों ने वोट डाले। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा व्हीलचेयर पर संसद पहुंचे और मतदान किया। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा का काम दलों का इस्तेमाल कर उन्हें कमजोर करना रहा है।
चुनाव में कुछ दलों ने मतदान से दूरी बनाई। ओडिशा की बीजद, तेलंगाना की बीआरएस और पंजाब की शिरोमणि अकाली दल के सांसदों ने मतदान में भाग न लेने का फैसला किया। बीजद ने एनडीए और विपक्ष दोनों से समान दूरी बनाए रखने की बात कही, जबकि बीआरएस ने यूरिया संकट पर विरोध जताया और अकाली दल ने पंजाब में बाढ़ पर केंद्र की उदासीनता को कारण बताया।
कुल 788 सांसदों में से इस बार 781 मतदान के पात्र थे, लेकिन 14 सांसदों के मतदान से दूरी बनाने के बाद यह संख्या घटकर 767 रह गई है। बहुमत का आंकड़ा 384 तय किया गया है। एनडीए के पास लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर मजबूत संख्या बल है, जिससे सीपी राधाकृष्णन की जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है।

