Araria News: जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के झिरुवा पछियारी वार्ड संख्या-09 में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक भाई ने अपने ही बड़े भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना आपसी रंजिश और जमीन विवाद के कारण हुई।
मृतक की पहचान रमेश ऋषिदेव के रूप में हुई है। उनकी पत्नी लखिया देवी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनके बीमार ससुर के इलाज को लेकर दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ। यह विवाद काफी समय से जमीन बंटवारे को लेकर भी चल रहा था। इसी दौरान मंझले भाई कुलदीप ऋषिदेव ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर रमेश ऋषिदेव की हत्या कर दी।
घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मृतक रमेश ऋषिदेव मजदूरी कर अपने छह बच्चों (तीन बेटियां और तीन बेटे) का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी लखिया देवी अपने पति के गुम हो जाने से रो-रोकर बदहवास हालत में बच्चों के भविष्य और परिवार के पालन-पोषण को लेकर चिंता जाहिर कर रही थीं।
स्थानीय ग्रामीण अमरनाथ साह ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच जमीन विवाद पिछले कई दिनों से चल रहा था। कई बार पंचायत में बैठकों के बावजूद विवाद नहीं सुलझा था। आखिरकार इस झगड़े ने हत्या का रूप ले लिया।सूचना मिलते ही सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब 11 बजे की है। आरोपी कुलदीप ऋषिदेव वारदात के बाद फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

