East champaran News:-पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरसिद्धि बाजार में एक शादीशुदा महिला 140 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। देखते ही देखते घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, महिला हरसिद्धि बाजार निवासी भरत गुप्ता की बेटी बताई जा रही है। परिजन उसे नीचे उतरने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन महिला बार-बार ऊपर से कूदने की धमकी दे रही है। उसका कहना है कि वह किसी भी हाल में ससुराल नहीं जाएगी।
परिजनों ने बताया कि महिला ने 10 दिन पहले एक बच्चे को जन्म दिया है और शादी के बाद से ही मायके में रह रही है। ससुराल वाले उसे घर ले जाना चाहते हैं, लेकिन वह ससुराल नहीं जाना चाहती। इसको लेकर पंचायत भी की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और जोर-जोर से कहने लगी कि अगर किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह कूदकर जान दे देगी।
सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी है। फिलहाल उसके टावर से नीचे आने के बाद ही ससुराल न जाने की जिद के असली कारणों का पता चल सकेगा।
घटना स्थल पर अभी भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लगी हुई है।

