Araria News:- जमीन के चंद टुकड़ों के लिए इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना अररिया जिले से सामने आई है। नरपतगंज थाना क्षेत्र के फरही पंचायत अंतर्गत जोगीपुर वार्ड संख्या 12 में शुक्रवार देर शाम सगे भाई ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान विशेंदर मंडल (पिता स्व. महावीर मंडल) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पहले विवाद मृतक और उसके भतीजे के बीच हुआ था। बाद में मृतक का बड़ा भाई मुन्ना उर्फ मुनेश्वर मंडल, बेटों और अन्य परिजनों के साथ पहुंचा और विशेंदर मंडल पर लाठी-डंडे, भाला और धारदार फरसा से हमला बोल दिया। बुरी तरह घायल विशेंदर को आनन-फानन में फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मुकेश कुमार साहा और नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक की पुत्री ज्योति कुमारी ने बताया कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को साइकिल लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक के बड़े भाई मुन्ना मंडल, उपेन मंडल, ललन मंडल, कबीर मंडल, शंकर मंडल, रणजीत मंडल, नीरू मंडल सहित कई लोगों ने घर में घुसकर उनके पूरे परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में मृतक की पत्नी और बच्चे भी घायल हुए।
विशेंदर मंडल पेशे से किसान थे और अपने पीछे पांच बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने उपेन मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी दोनों परिवारों में तनाव था, लेकिन इतनी बड़ी वारदात की किसी ने कल्पना नहीं की थी।

