Patna News:- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना जिला के पुनपुन में 1,159 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से जुड़ी 17 योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ और लोकार्पण किया। ये सभी परियोजनाएं प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण केबल सस्पेंशन पुल का फीता काटकर उद्घाटन किया और पुल का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और आभार जताया।
ऊर्जा क्षेत्र की कई बड़ी परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इसमें 130 करोड़ रुपये से 9 विद्युत शक्ति उपकेंद्र, 80 करोड़ रुपये से 17 नई 33 केवी लाइनें, 10 करोड़ रुपये से 8 उपकेंद्रों में ट्रांसफार्मर क्षमता विस्तार, 26 करोड़ रुपये से 20 नई लाइनों का रिकन्डक्टरिंग कार्य और 70 करोड़ रुपये से 21 नई 33 केवी लाइनें शामिल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 22 करोड़ 99 लाख रुपये से 18 उपकेंद्रों में ट्रांसफार्मर विस्तार, 301 करोड़ 92 लाख रुपये से बख्तियारपुर में 400/220/132 केवी जीआईएस ग्रिड उपकेंद्र और संबद्ध संचरण लाइन का निर्माण, 58 करोड़ रुपये से बोर्ड कॉलोनी में 132/33 केवी जीआईएस ग्रिड उपकेंद्र, तथा 15 करोड़ रुपये से फतुहा-जक्कनपुर लाइन के रिकन्डक्टरिंग का शिलान्यास किया। साथ ही 256 करोड़ रुपये की लागत से बक्सर थर्मल पावर प्लांट से नौबतपुर तक डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन और हाथीदह व खगौल में नए ग्रिड उपकेंद्रों का निर्माण व आधुनिकीकरण भी शुरू किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पेंशनधारियों, जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं और जनवितरण प्रणाली डीलरों से संवाद किया। जीविका समूह की महिलाओं ने बैंक से 7% ब्याज पर लोन मिलने और प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। आशा कार्यकर्ताओं ने भी प्रोत्साहन राशि तीन गुना बढ़ाए जाने पर धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद दुल्हिन बाजार प्रखंड के लाला भदसरा गांव में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर पुस्तकालय का उद्घाटन किया। वहीं, पालीगंज प्रखंड के सिकरिया ग्राम में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा और पुस्तकालय का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


