Patna News:-बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राजनेता एक-दूसरे पर खुलकर हमले कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा।
लालू यादव ने एक्स पर लिखा— “ऐ मोदी जी, विक्ट्री चाहिए बिहार से और फैक्ट्री दीजिएगा गुजरात में? ये गुजराती फार्मूला बिहार में नहीं चलेगा।” उनके इस बयान को प्रधानमंत्री की उस नीति पर तंज माना जा रहा है, जिसमें बिहार से चुनावी जीत हासिल करने की कोशिश तो की जाती है, लेकिन उद्योग-धंधे और निवेश के लिए गुजरात को प्राथमिकता दी जाती है।
राजद प्रमुख ने सवाल उठाया कि आखिर क्यों बिहार को केवल चुनावी नजरिए से देखा जाता है? उन्होंने कहा कि सत्ता पाने के बावजूद बिहार को रोजगार, उद्योग और बुनियादी विकास के मामले में लगातार उपेक्षित रखा गया।
प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए बिहार बंद पर भी लालू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा— “क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आदेश दिया था कि वे पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों को गाली दें? गुजराती लोग बिहारियों को हल्के में न लें, यह बिहार है।”
लालू यादव ने आरोप लगाया कि गुरुवार को बिहार बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिलाओं, छात्राओं, शिक्षिकाओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों के साथ अभद्रता की। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और बिहार की अस्मिता पर सीधा हमला है।
राजद अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बिहार को सम्मान चाहिए, न कि केवल चुनाव के वक्त तवज्जो। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब केवल वादों और जुमलों से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि ठोस विकास, निवेश और रोजगार की मांग करेंगे।
लालू यादव के इस बयान ने चुनावी माहौल में नया रंग भर दिया है। भाजपा जहां लालू के बयानों को सियासी स्टंट बता रही है, वहीं राजद इसे बिहार की असल आवाज बता रही है। आने वाले दिनों में यह जुबानी जंग और भी तेज होने के आसार हैं।


