Imfal News:- मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य में चलाए गए विशेष अभियान में हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बीते 24 घंटों में हुए संयुक्त ऑपरेशन में कई उग्रवादी कैडर और तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। इंफाल ईस्ट जिले के हेंगांग क्षेत्र से पुलिस ने एके-56 राइफल, एम-16 राइफल, तीन हैंड ग्रेनेड, पांच ट्यूब लॉन्चर, एक बुलेटप्रूफ जैकेट, एक आरपीजी शेल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए। वहीं, बिष्णुपुर जिले के फौगकचाओ और कोलबुंग गांव से एक इंसास राइफल, डबल बैरल बंदूक, दो सिंगल बैरल बंदूकें, एक देसी पिस्तौल, जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर मिले।
इस कार्रवाई में पुलिस ने इंफाल ईस्ट से आरपीएफ/पीएलए का सक्रिय कैडर कोंजेंगबम अजीत सिंह उर्फ सुरेश (54) को गिरफ्तार किया। उसके पास से आधार कार्ड और नकदी बरामद हुई। इसके अलावा, इम्फाल वेस्ट से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) से जुड़ी 57 वर्षीय कॉन्गब्राइलटपम हेमाबती देवी उर्फ खोमई को भी पकड़ा गया। वह अवैध वसूली में सक्रिय थी। उसके पास से स्कूटी, दो मोबाइल और आधार कार्ड जब्त किए गए।
मादक पदार्थों की तस्करी पर भी सुरक्षा बलों ने कड़ा प्रहार किया। सेनापति जिले के तदुबी चेकपोस्ट पर पांच लोगों को 2.057 किलो ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो गाड़ियां और आठ मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच के दौरान कांगपोकपी निवासी किमनेलाम हाउकिप को भी तस्करी में संलिप्त पाकर हिरासत में लिया गया।
चुराचांदपुर जिले के लामजंग इलाके से चार आरोपियों को 1.5 किलो ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। नशीला पदार्थ 122 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था। इनके पास से एक आल्टो कार, एक टू-व्हीलर और पांच मोबाइल जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि इस समन्वित अभियान से राज्य में हथियारों और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी नेटवर्क को गहरा झटका पहुंचा है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि राज्य को उग्रवाद और नशे की समस्या से मुक्त किया जा सके।

