Araria News:- बिहार बंद के आह्वान का असर बुधवार को अररिया जिले में भी देखने को मिला। एनडीए कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क पर उतरे और विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों व प्रतिष्ठानों को बंद कराया। भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अररिया शहर के साथ-साथ जिले के कस्बाई इलाकों में भी बाजार बंद करवाया। फारबिसगंज विधायक विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी के साथ भाजपा और जदयू नेताओं का अलग-अलग दल सड़क पर उतरा और नारेबाजी करते हुए बंद को सफल बनाया। भाजपा नेता शंभू प्रसाद साह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाजार का भ्रमण किया और व्यापारियों से सहयोग की अपील की।
विधायक विद्यासागर केशरी ने कहा कि दरभंगा की सभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के लिए अपमानजनक शब्द कहे गए, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री की मां का नहीं, बल्कि पूरे देश की माताओं का अपमान है। इसी का प्रतिकार करने के लिए एनडीए कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता शंभू साह ने कहा कि देश के नागरिक ऐसे बयान को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने व्यापारियों का आभार जताया कि उन्होंने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद कर एनडीए के इस विरोध को सफल बनाया।
बंद को सफल बनाने में विधायक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता सक्रिय रहे। इनमें सुमन सिंह, मनोज झा, धीरज पासवान, गुंजन सिंह, मनीष सिंह, सुरेश केशरी, आयुष कुमार, प्रवीण कुमार, रमेश सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने पार्टी के झंडे और बैनर के साथ नारेबाजी करते हुए बाजार बंद कराया।

