Patna News:- राजधानी पटना में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में पांच कारोबारियों की मौत हो गई। हादसा सिपारा-पुनपुन रोड पर परसा बाजार थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जिन पांच कारोबारियों की मौत हुई, उनमें कुर्जी चश्मा गली निवासी राजेश कुमार (50), पटेलनगर निवासी संजय कुमार सिन्हा (55), पटना निवासी कमल किशोर (38), समस्तीपुर के प्रकाश चौरसिया (35) और मुजफ्फरपुर के सुनील कुमार (38) शामिल हैं। सभी कारोबारी पटना में रहकर अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े थे।
राजेश कुमार के परिजनों ने बताया कि सभी व्यापारी फतुहा किसी व्यावसायिक कार्य से गए थे और रात में बिहटा-सरमेरा रोड से लौट रहे थे। इसी दौरान परसा के पास यह भीषण हादसा हुआ। राजेश कुमार एक प्रतिष्ठित एग्रो एजेंसी चलाते थे और उनका कारोबार पटना सहित आसपास के जिलों तक फैला हुआ था।
परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्रैंड विटारा कार की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका है कि ट्रक या तो धीमी गति से चल रहा था या सड़क किनारे खड़ा था। अचानक सामने आए ट्रक से कार इतनी जोर से टकराई कि चालक को ब्रेक लगाने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। रात में ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग, सड़क संकेतों की कमी और तेज रफ्तार गाड़ियां लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पांच कारोबारियों की मौत से उनके परिवारों और व्यापारिक जगत में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शवों को आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।


