Palamu News:-झारखंड के पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में बुधवार देर रात पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के दस्ते के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान जिला पुलिस बल के दो बहादुर जवान—संतन मेहता और सुनील राम—ने शहादत दी, जबकि रोहित कुमार नामक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान का गुरुवार तड़के एमआरएमसीएच में इलाज जारी है
पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि बुधवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि 10 लाख के इनामी टीएसपीसी कमांडर शशिकांत अपने दस्ते के साथ केदल गांव में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर एएसपी अभियान राकेश कुमार और हुसैनाबाद एसडीपीओ एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऑपरेशन शुरू किया।
करीब रात साढ़े 12 बजे पुलिस टीम जैसे ही जंगल के नजदीक पहुंची, उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ देर रात तक चलती रही। इसी दौरान दो जवान गोलियों की चपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में टीएसपीसी के कई उग्रवादी भी घायल या मारे गए हैं। हालांकि, अंधेरे और घने जंगल की वजह से अब तक उनके शव बरामद नहीं हो पाए हैं। इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही पुलिस कप्तान रिष्मा रमेशन रात दो बजे ही अस्पताल पहुंचीं और घायल जवान के इलाज का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।
दो जवानों की शहादत की खबर से पूरे जिले का पुलिस बल गमगीन है। बलिदान देने वाले दोनों जवानों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।


