East Champaran News:- जिले मे शाराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पीपराकोठी थाना पुलिस ने बुधवार को एक कंटेनर लारी ट्रक से 132 पेटी विदेशी शराब जब्त की। शराब को कंटेनर पर लदी 8 नई ऑल्टो कारों के अंदर छिपाकर रखा गया था। बरामद शराब की कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात को सूचना मिली थी कि हरियाणा से सिलीगुड़ी जा रही एक कंटेनर लारी में शराब की बड़ी खेप छिपाई गई है। सूचना के आधार पर सदर-2 डीएसपी जितेश पांडेय, पीपराकोठी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार और पुलिस टीम ने एनएच-27 पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान N01N 4953 नंबर की कंटेनर लारी को रोका गया। जांच में कंटेनर पर लदी 8 नई ऑल्टो कारों के अंदर छुपाकर रखी विदेशी शराब की खेप बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में –
रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की: 1170 लीटर
कार्ल्सबर्ग प्रीमियम बीयर: 19.8 लीटर
अन्य विदेशी शराब: 800 एमएल पैक
कुल मिलाकर 1189 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।
चालक गिरफ्तार, गिरोह का खुलासा
मौके से कंटेनर चालक नरेश राम को गिरफ्तार किया गया। वह मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र के चांद केवारी गांव का रहने वाला है। पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब हरियाणा से लाई गई थी और इसे मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में उतारना था। इसके बाद कंटेनर को नई गाड़ियों के साथ सिलीगुड़ी ले जाना था। चालक ने पूछताछ में शराब माफिया गिरोह के कई सदस्यों के नाम भी बताए हैं।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि शराबबंदी कानून को धता बताकर इतनी बड़ी खेप की तस्करी गंभीर मामला है। इसमें शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर कार्रवाई की जाएगी।

