Darbhanga News:- दरभंगा पुलिस ने तंत्र-मंत्र के बहाने महिला से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में राहत की भावना है। घटना दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के झगड़ुआ गांव की है। यहां 29 अगस्त को तीन युवकों ने तंत्र-मंत्र का झांसा देकर एक महिला से सोने के गहने लेकर फरार हो गए थे। महिला की शिकायत पर जमालपुर थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने छापेमारी कर बहेड़ी थाना क्षेत्र के नौडेगा गांव निवासी शक्ति लालदेव, राजाबाबू लालदेव और ज्योतिष लालदेव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर 23 ग्राम गला हुआ सोना, एक अपाचे मोटरसाइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए।
इसी मामले में पुलिस ने सोना गलाने वाले सोनार उगन कुमार साह (निवासी बहेड़ी) को भी गिरफ्तार किया। इस तरह इस कांड में शामिल चारों आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि ठग गिरोह तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का झांसा देकर भोले-भाले ग्रामीणों को निशाना बनाता था। इस बार उन्होंने महिला को बहला-फुसलाकर सोने के गहने अपने कब्जे में ले लिए थे। लेकिन त्वरित कार्रवाई कर उन्हें धर दबोचा गया।
इस सफलता का श्रेय जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंजलि कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार सिंह, चौकीदार बबलू पासवान और विजय पासवान को जाता है, जिन्होंने मिलकर इस मामले का खुलासा किया।
फिलहाल पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

