Palamu News:- पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार को जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह के दो युवक लातेहार जिले के हेरहंज स्थित डातम पातम जल प्रपात में नहाने के दौरान डूब गए। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है। डूबे युवकों की पहचान 21 वर्षीय शनि कुमार (पिता – इंदू राम) और 20 वर्षीय नीतीश कुमार (पिता – मनोज राम) के रूप में हुई है। घटना के कुछ देर बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शनि का शव बरामद कर लिया गया, जबकि नीतीश की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, रजवाडीह इलाके के नौ युवक रविवार को बाइक से घूमने के लिए जल प्रपात पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे शनि और नीतीश नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान शनि गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए नीतीश कूदा, लेकिन तेज धारा में वह भी बह गया। अन्य युवकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही हेरहंज पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शनि का शव मिल गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण नीतीश की तलाश रोकनी पड़ी। सोमवार सुबह से फिर से खोजबीन जारी है।
शनि के पिता झारखंड जगुआर (जैप) में जवान हैं और धनबाद में तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे घर लौट आए। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। शनि घर का बड़ा बेटा था और पांकी के मजदूर किसान कॉलेज में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा था।
वहीं नीतीश के पिता टेंपो चलाते हैं। नीतीश इंटरमीडिएट का छात्र था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में अच्छा था और भविष्य को लेकर सपने संजोए हुए था।
शनि का शव पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है। दोपहर बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और अंतिम संस्कार किया जाएगा।

