Rohtas News:- जिले के संझौली थाना क्षेत्र के बैरी टोला गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय शिवम कुमार (पुत्र सोनू चौधरी) और 11 वर्षीय अंकुश कुमार (पुत्र रंजन चौधरी) के रूप में हुई है।
रविवार को छुट्टी होने के कारण दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ खेलने निकले थे। इसी दौरान वे तालाब के किनारे पहुंचे और नहाने लगे। नहाते-नहाते दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
एक ही गांव के दो बच्चों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की आंखों में आंसू और दिल में दर्द साफ झलक रहा था। बच्चों की असमय मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही संझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले की औपचारिक जांच की जा रही है और परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी।
सदर अस्पताल, सासाराम के चिकित्सक डॉ. कुमार संजय ने बताया कि दोनों बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
संझौली थाना के पुलिसकर्मी राजकुमार ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से तालाब में सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।

